अपना दल (एस) के स्थापना दिवस पर रोहनिया में चला ‘हर घर झंडा’ अभियान
कार्यकर्ताओं के आवास पर लगी नेम प्लेट
वाराणसी (जनवार्ता)। अपना दल (एस) के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में ‘हर घर झंडा’ एवं ‘नेम प्लेट अभियान’ चलाया गया। इसके तहत लखमीपुर, छितौनी (बँधा), कोटवा (पाहि), कररहिया, दरेखू समेत दर्जनों ग्राम सभाओं में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के आवास पर पार्टी का झंडा एवं नेम प्लेट स्थापित की गई।


इस अवसर पर रोहनिया विधायक एवं अपना दल (एस) के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि पार्टी का स्थापना दिवस सामाजिक न्याय, समानता, अधिकार और व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प को दोहराने का अवसर है। पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल ने वंचितों, शोषितों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को अधिकार एवं सम्मान दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। पार्टी उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर झंडा’ एवं ‘नेम प्लेट अभियान’ संगठन की पहचान, कार्यकर्ताओं के सम्मान और आपसी एकजुटता का प्रतीक है। इसके माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन से जोड़ने, उसकी पहचान मजबूत करने तथा गांव-गांव और घर-घर तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधायक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में संगठन को और सशक्त बनाने तथा डॉ. सोनेलाल पटेल के सामाजिक परिवर्तन के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, मानस सिंह, कार्यालय प्रभारी राजकुमार कश्यप, ग्राम प्रधान रमना अमित पटेल, संदीप पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित पटेल, निश्चल पटेल, निलय पटेल, श्यामबली, विनोद सहित जिला, विधानसभा, सेक्टर, जोन एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

