पूर्व प्रधान पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। जंसा थाना क्षेत्र के बेरुका गांव में पूर्व प्रधान समेत दो लोगों के खिलाफ मारपीट, 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां कर छवि खराब करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर जंसा पुलिस ने मंगलवार देर रात मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेरुका गांव निवासी रितेश कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर अपने सगे पट्टीदार एवं गांव के पूर्व प्रधान अनित कुमार गर्ग उर्फ छुन्ना तथा विजय नारायण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि दोनों उनसे और उनके परिवार से रंजिश रखते हैं। आए दिन गाली-गलौज करने के साथ सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच अभद्र एवं अपमानजनक टिप्पणियां कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास करते हैं। आरोप है कि फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई और रुपये नहीं देने पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
रितेश कुमार सिंह के मुताबिक, 25 जून 2026 की सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच आरोपितों ने उन्हें गांव में रोक लिया और मारपीट करते हुए रुपये नहीं देने का कारण पूछा। किसी तरह वहां से बचकर निकलने में सफल हुए।
पीड़ित ने विवाद की वजह पूर्व प्रधान के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी धन के दुरुपयोग के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगे जाने को बताया है। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों आरोपित उनसे और उनके परिवार से रंजिश रखने लगे और लगातार परेशान कर रहे हैं।
पीड़ित ने अपनी और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद जंसा पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

