पंजाब : कर्मभूमि एक्सप्रेस की चार बोगियों में लगी भीषण आग
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
पंजाब (जनवार्ता)। पंजाब में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। राजपुरा और सरहिंद के बीच सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही ट्रेन संख्या 12508 डाउन कर्मभूमि एक्सप्रेस में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन की चार बोगियां इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे ट्रेन के इंजन की ओर से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने आसपास की अन्य बोगियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और आपातकालीन राहत दल सक्रिय हो गए।
बताया जा रहा है कि ट्रेन में बड़ी संख्या में यात्री सफर कर रहे थे। छठ पर्व पर बिहार लौट रहे यात्रियों में आग लगने की खबर से दहशत फैल गई। यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलना शुरू कर दिया।
प्रारंभिक रिपोर्टों में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है, हालांकि रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।

