चौबेपुर में युवक की मौत पर भड़के ग्रामीण, घर में तोड़फोड़ व आगजनी! पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति नियंत्रण में की
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पुरानपट्टी गांव में सोमवार दोपहर बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त था। ग्रामीणों ने मृतक के घर की ओर घेराव कर लिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मय फोर्स मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के भारी विरोध के बीच कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया। मौके पर चोलापुर एवं सारनाथ थाना प्रभारी भी फोर्स के साथ मौजूद रहे। मृतक के परिजनों को सुरक्षित निकालकर स्थानीय थाने भेजा गया। इस दौरान मृतक के घर में सामान की तोड़फोड़ की गई तथा आग लगा दी गई, जिसे पुलिस ने बुझाया। हालांकि आग किसने लगाई और तोड़फोड़ किसने की, यह मामला संदिग्ध बना हुआ है।

वहीं परिजनों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक के दाह संस्कार के लिए लकड़ी काटकर रखी गई थी, लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद शव का दाह संस्कार बाहर ही कर दिया गया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और वे उग्र हो गए। आपको बताते चलें कि रविवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया तथा सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस संबंध में निवासी सरिता देवी पत्नी स्व. केदार ने थाना चौबेपुर में प्रार्थना पत्र देकर अपने पुत्र दिलीप राजभर की मौत के मामले में जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। प्रार्थिनी के अनुसार, बीते माह 29 तारीख को दोपहर में उसके पुत्र दिलीप राजभर के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसमें सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गया। आरोप था कि विपक्षीगण उसे अपने साथ लेकर चले गए थे। प्रार्थिनी ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले का कारण पारिवारिक व प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद था।
सरिता देवी के अनुसार, बीते शनिवार रात उनके पुत्र दिलीप की मृत्यु हो गई थी। उन्होंने थानाध्यक्ष चौबेपुर को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। इस संबंध में जनवार्ता प्रतिनिधि से थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित तहरीर मिली है, जांच कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

