सारनाथ पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, तीन गैस सिलेंडर और चांदी के आभूषण बरामद

सारनाथ पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, तीन गैस सिलेंडर और चांदी के आभूषण बरामद

बंद मकान का ताला तोड़कर सत्संग नगर कॉलोनी में की थी चोरी

वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ पुलिस और एसओजी टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी के तीन इंडेन गैस सिलेंडर, एक एलसीडी टीवी, 70 ग्राम चांदी के दो बिस्किट, 11 चांदी के सिक्के, एक जोड़ी झुमका, तीन अंगूठियां और 2760 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा निवासी हिमांशु यादव (19) और बेनीपुर स्थित बैंक नगर कॉलोनी निवासी अनिकेश राजभर (18) के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार दोपहर करीब 12:40 बजे खजुही के पास रिंग रोड से गिरफ्तार किया गया।

घटना के मुताबिक, सारनाथ पुलिस की क्राइम टीम हृदयपुर अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध चोर ऑटो से संदहा की ओर से हरहुआ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया। तलाशी लेने पर आरोपितों के पास से चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी मिली। ऑटो में तीन गैस सिलेंडर और एक एलसीडी टीवी रखा हुआ था। सीट के नीचे से ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का सब्बल, हथौड़ी और छेनी भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपितों ने सत्संग नगर कॉलोनी में पानी की टंकी के पास एक बंद मकान का ताला तोड़कर एक-दो नवंबर की रात चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी के तीन सिलेंडर और टीवी को बेचने के लिए ले जा रहे थे। वारदात में अभिषेक राजभर नाम का एक अन्य साथी भी शामिल था, जो फरार हो गया है।

इसे भी पढ़े   एमएलसी चुनाव: दूसरे दिन 16 लोगों ने लिए नामांकन पत्र

आरोपितों ने संदहा चौराहे से आगे एक दो मंजिला मकान से दो एलईडी टीवी, एसी, इन्वर्टर और बैटरी चोरी करने की बात भी बताई। चोरी का सामान राहगीरों को 10 हजार रुपये में बेचने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित सारनाथ और चौबेपुर थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों में भी वांछित थे।

गिरफ्तार हिमांशु यादव के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में वर्ष 2024 के चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक बुद्धू राज, राहुल कुमार यादव और एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह सहित सारनाथ पुलिस व एसओजी के अन्य जवान शामिल रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *