गाजीपुर : पुलिस मुठभेड़ में पंजाब के शातिर गो-तस्कर को लगी गोली, तीन गिरफ्तार
दो डीसीएम में लदे 18 गोवंश, एक तमंचा और कारतूस भी बरामद
गाजीपुर (जनवार्ता)। भांवरकोल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पंजाब निवासी एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से दो डीसीएम वाहनों में लदे 18 गोवंश, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार बुधवार की रात थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब नंबर की एक संदिग्ध डीसीएम में गोवंश लादकर पक्खनपुर होते हुए बिहार की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने रसूलपुर-मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान PB10…8928 नंबर की डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें नौ गोवंश मिले। पुलिस ने चालक दर्शन सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में चालक ने दूसरी डीसीएम में भी नौ गोवंश लदे होने की जानकारी दी। कुछ देर बाद दूसरी डीसीएम पहुंची तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि वाहन में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सुखदीप कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया। पुलिस ने मौके से पवन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दर्शन सिंह (58) निवासी चौकीमान, थाना सदर जगराओं, जिला लुधियाना; पवन कुमार (30) निवासी बलियोंन, थाना समराला, जिला लुधियाना और घायल सुखदीप कुमार (37) निवासी वार्ड नंबर आठ, हिम्मतनगर, थाना समराला, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों डीसीएम से कुल 18 गोवंश बरामद किए हैं। इसके अलावा एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की है।
मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।

