26 घंटे बाद बहाल हुई सीएनजी आपूर्ति
वाराणसी (जनवार्ता)। गेल इंडिया और इंडियन ऑयल के बीच बिजली बिल के भुगतान को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को सुलझ गया। वाराणसी क्लब में पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और दोनों कंपनियों के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद करीब 26 घंटे से बाधित सीएनजी आपूर्ति बहाल कर दी गई।

इसके साथ ही प्रभावित नौ पंपों पर गैस की बिक्री शुरू हो गई।
बैठक में बिजली बिल के भुगतान, डीलरों के बकाये और कमीशन में कटौती समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। गेल के जीएम मदन मोहन और इंडियन ऑयल के जीएम राजेश कुमार ने समस्याओं का एक महीने के भीतर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
डीलरों के मुताबिक, इंडियन ऑयल की ओर से एक दिन का क्रेडिट भी नहीं दिया जाता, जबकि गेल 15 दिन की क्रेडिट सुविधा देता है। भुगतान की अलग-अलग व्यवस्था के कारण भी परेशानी हो रही थी। जिले में करीब 49 सीएनजी पंपों से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहनों को गैस की आपूर्ति होती है।

