रोहनिया : बच्छाव में मातम के बीच पीड़ित परिवार से मिले विधायक
मासूम बहनों की मौत पर जताया दुख
वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के बच्छाव गांव में मंगलवार देर रात तालाब किनारे बने मकान की दीवार ढहने से तालाब में डूबकर जान गंवाने वाली दो मासूम सगी बहनों आफिया (6) और फलक (4) के परिजनों से बुधवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

विधायक ने परिजनों से हादसे की जानकारी ली और कहा कि दो मासूम बच्चियों की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना से पूरा क्षेत्र शोक में डूबा है। दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता, आवास सहित अन्य सरकारी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही तालाब किनारे रह रहे अन्य परिवारों की सुरक्षा के लिए भी प्रशासन से जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया। विधायक ने हादसे में घायल परिवार के सदस्यों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान प्रदेश महासचिव डॉ. उमेश पटेल, सचाऊ पटेल, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, श्याम बली पटेल, धर्मेंद्र राजपूत, चौकी प्रभारी, विनोद पटेल, अखिलेश पटेल, निलय पटेल, राकेश पटेल, बृजेश पटेल और शुभम मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

