जनगणना-2027: स्वगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें काशीवासी : नगर आयुक्त
एक दिसंबर से 4 जनवरी तक गणना कर्मी घर-घर पहुंचकर जुटाएंगे जनसंख्या संबंधी जानकारी
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने काशीवासियों से जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाली स्वगणना प्रक्रिया में नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।

नगर आयुक्त ने कहा कि स्वगणना के बाद एक दिसंबर से 4 जनवरी तक जनसंख्या गणना का कार्य संचालित किया जाएगा। इस दौरान गणना कर्मी घर-घर पहुंचेंगे। नागरिक उन्हें सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा हो सके।
उन्होंने काशीवासियों से अपने आसपास के लोगों को भी स्वगणना और जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग के लिए प्रेरित करने की अपील की।
नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों से विकास की योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी और राष्ट्रीय कर्तव्य है।

