नगर निगम की संभव जनसुनवाई में 18 शिकायतें दर्ज
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को दिए पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर निगम मुख्यालय सिगरा में मंगलवार को आयोजित ‘संभव’ जनसुनवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं। सभी शिकायतों को पोर्टल पर अपलोड कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

जनसुनवाई में स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्य, जलकल, राजस्व, नामांतरण, सड़क, सीवर, अतिक्रमण और जर्जर भवनों से संबंधित मामले प्रमुखता से उठाए गए। सेंट्रल जेल रोड निवासी सुरेंद्र प्रसाद ने रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की। बजरडीहा निवासी जीउत लाल गुप्ता और अहमद ने गली मरम्मत की मांग रखी। तरना शिवपुर निवासी जितेंद्र नारायण यादव ने जमीन पर कब्जे को लेकर प्रत्यावेदन दिया।
शिवाजी नगर कॉलोनी निवासी विधान कुमार तिवारी ने सड़क एवं सीवर की समस्या उठाई, जबकि अशोक नगर कॉलोनी सारनाथ निवासी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव ने सड़क निर्माण और शक्तिपीठ कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार सोनकर व उर्मिला देवी ने इंटरलॉकिंग कार्य कराने की मांग की। सारनाथ निवासी बालजी प्रसाद और छित्तुपुर निवासी शाहिल सिंह ने मकान कर से संबंधित शिकायत दर्ज कराई।
चौक बाजार निवासी आनंद कुमार सुरेका ने जर्जर भवन को लेकर दो अलग-अलग शिकायतें कीं। पियरी निवासी प्रेमशंकर ने पेंशन भुगतान, अवधगर्वी शिवाला निवासी शुभम प्रजापति ने मकान नंबर तथा सोनिया निवासी ओम प्रकाश चौरसिया ने सोनिया पोखरे से संबंधित समस्या उठाई। वहीं माधोपुर सिगरा निवासी आनंद कुमार ने तालाब के कार्य और बजरडीहा निवासी गालीब ने स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
जनसुनवाई में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी और अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
नगर निगम प्रशासन ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।

