विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका अहम : राज्यपाल रमेन डेका
वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर में छह राज्यों के युवा स्वयंसेवक ले रहे हिस्सा, शिक्षा, कौशल और नवाचार पर दिया जोर
रायपुर। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। देश की करीब 35 प्रतिशत आबादी युवा है और उनकी शिक्षा, कौशल, मेहनत तथा नवाचार की क्षमता भारत की विकास यात्रा को नई दिशा दे सकती है। यह बातें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने बुधवार को रायपुर स्थित लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ को संबोधित करते हुए कहीं।

‘मेरा युवा भारत’ की ओर से आयोजित सात दिवसीय शिविर 17 से 23 नवंबर तक चलेगा। इसमें छह राज्यों महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने युवाओं से अपने कार्यों के प्रति ईमानदार, जिम्मेदार और समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को जो भी जिम्मेदारी मिले, उसे पूरी लगन और निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। इससे व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और देश को भी लाभ मिलेगा।
कौशल और नवाचार पर दिया जोर
राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए केवल शिक्षा प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने, मेहनत करने और नए प्रयोगों के लिए तैयार रहना होगा। उनकी सोच और नवाचार ही देश का भविष्य तय करेंगे। ऐसे में प्रत्येक युवा को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहना चाहिए।
राष्ट्रीय एकता का संदेश देता है शिविर
राज्यपाल ने कहा कि अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं को इस शिविर में एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति, परंपराओं और विचारों को समझने का अवसर मिल रहा है। इससे आपसी सहयोग, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। साथ ही युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।

