20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने खोजा दो लाख का सर्जिकल कैमरा
आठ दिन बाद मालिक को सुरक्षित लौटाया
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर चौराहे पर गुम हुए करीब दो लाख रुपये कीमत के सर्जिकल कैमरे को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कैमरे का पता लगाया और गुरुवार को उसे बैग एवं अन्य उपकरणों सहित उसके मालिक के परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे डॉ. विनय कुमार आशापुर चौराहे पर अपनी कार से सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान उनका बैग सहित सर्जिकल कैमरा सड़क पर गिर गया। काफी तलाश के बाद भी सामान नहीं मिलने पर उनके पिता रामसहाय सिंह यादव ने सारनाथ थाने में प्रार्थना पत्र देकर कैमरा बरामद कराने की गुहार लगाई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देशन में थानाध्यक्ष सारनाथ पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी आशापुर उपनिरीक्षक दीक्षा पाण्डेय ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद बैग उठाने वाले व्यक्ति की पहचान हुई। जांच में पता चला कि कैमरा मवइया निवासी पंकज पाण्डेय के पास सुरक्षित रखा है। उन्होंने कैमरे को पुलिस चौकी पर उपलब्ध करा दिया।
गुरुवार को पुलिस ने सर्जिकल कैमरा बैग और सभी उपकरणों सहित रामसहाय सिंह यादव को सौंप दिया। कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर उन्होंने सारनाथ पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।

