सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ सोशल मीडिया पर फर्जी प्रचार का आरोप
प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और फर्जी सामग्री प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के विधिक प्रकोष्ठ वाराणसी की ओर से गुरुवार को पुलिस आयुक्त को प्रार्थना-पत्र सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।

सतीश कुमार अधिवक्ता, मंडल प्रभारी वाराणसी की अध्यक्षता में जिला अध्यक्ष विनोद कुमार एवं विधिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने यह शिकायत दी। प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि 14 से 18 नवंबर के बीच एक्स और फेसबुक पर कुछ सोशल मीडिया खातों के माध्यम से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई।
शिकायत में दो प्रकार की सामग्री का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। इसमें एक फर्जी समाचार-पत्र की कतरन के जरिए एक हजार करोड़ रुपये की सौदेबाजी का दावा किए जाने तथा एक पुरानी तस्वीर में बदलाव कर उसे भ्रामक तरीके से प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इन पोस्टों का उद्देश्य सांसद की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाना है। इससे समाज में आक्रोश का माहौल भी बन रहा है।
विधिक प्रकोष्ठ की ओर से प्रार्थना-पत्र में कुल 26 सोशल मीडिया खातों का उल्लेख करते हुए उनके स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए गए हैं। पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर सुसंगत कानूनी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने, संबंधित खातों के खिलाफ कार्रवाई करने और भ्रामक सामग्री को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की मांग की गई है।
इस दौरान सतीश कुमार अधिवक्ता ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

