बिछड़ी मासूम को सिगरा पुलिस ने दो घंटे में माता-पिता से मिलाया
परिवार ने जताया रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह का आभार
वाराणसी (जनवार्ता)। बाबा विश्वनाथ की नगरी में दर्शन-पूजन और भ्रमण के लिए आए पश्चिम बंगाल के एक दंपत्ति की खुशियां उस समय चिंता में बदल गईं, जब उनकी दो साल नौ महीने की मासूम बेटी अचानक लापता हो गई। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई वाराणसी पुलिस ने महज दो घंटे में बच्ची को सकुशल बरामद कर माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे रोडवेज चौकी क्षेत्र में यह घटना हुई। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कटवा थाना क्षेत्र के कटवा कॉलेज माटपारा निवासी प्रशांत कुमार रॉय अपनी पत्नी और बेटी आराध्या रॉय के साथ वाराणसी आए थे। इसी दौरान अचानक बच्ची माता-पिता की नजरों से ओझल हो गई। काफी खोजबीन के बाद परेशान दंपत्ति ने रोडवेज चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विकास सिंह ने तत्काल पुलिस टीम को बच्ची की तलाश में लगाया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मिले सुरागों के आधार पर तलाश तेज कर दी गई। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से महज दो घंटे के भीतर मासूम आराध्या को सुरक्षित खोज लिया गया।
अपनी लाडली को सकुशल पाकर माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने चौकी प्रभारी विकास सिंह और वाराणसी पुलिस का बार-बार धन्यवाद करते हुए कहा, “थैंक्यू… थैंक्यू… थैंक्यू!” पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल एक परिवार की खुशियां लौट आईं, बल्कि काशी आने वाले पर्यटकों के बीच भी पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

