तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के लठिया हाईवे पर रविवार शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान लठिया निवासी घूरेलाल की पत्नी सुगरा देवी (45) के रूप में हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।


सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। वही जनवार्ता की टीम से बातचीत में एसीपी रोहनिया ने बताया कि आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया गया। उन्हें उचित कार्रवाई के साथ आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ट्रामा सेंटर भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है।

