साइबेरियन पक्षियों से गुलजार हुए काशी के घाट
चार हजार किलोमीटर दूर से पहुंचे प्रवासी पक्षी, नौका विहार करने वाले पर्यटकों के लिए बने आकर्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही काशी के गंगा घाटों पर साइबेरियन पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। साइबेरिया और आसपास के ठंडे क्षेत्रों से करीब चार हजार किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचे प्रवासी पक्षी गंगा की लहरों पर अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं। इनके कलरव और उड़ान से घाटों की खूबसूरती बढ़ गई है।

अस्सी, दशाश्वमेध, अहिल्याबाई और नमो घाट सहित विभिन्न गंगा तटों पर सुबह इन पक्षियों को देखने के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट रही है। नौका विहार के दौरान नावों के आसपास मंडराते पक्षियों के झुंड लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
ये पक्षी आमतौर पर नवंबर से फरवरी के अंत तक काशी और आसपास के गंगा तटीय क्षेत्रों में प्रवास करते हैं। साइबेरिया में कड़ाके की ठंड और झीलों के जमने से भोजन की कमी होने पर ये अनुकूल मौसम की तलाश में भारत पहुंचते हैं। तापमान बढ़ने के साथ ही अपने बच्चों समेत वापस लौट जाते हैं।
अहिल्याबाई घाट के नाविक पप्पू साहनी के अनुसार, फिलहाल इनकी संख्या कम है। ठंड बढ़ने के साथ इनकी संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। वहीं, बीएचयू के जन्तु विज्ञान के परास्नातक छात्र आकाश कुमार ने लोगों से अपील की कि पक्षियों को ब्रेड, नमकीन और लाई न खिलाएं। इस तरह का भोजन उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने इनके प्राकृतिक भोजन और आवास को सुरक्षित रखने का आग्रह किया।

