जीआरपी ने बरामद किए 400 गुम मोबाइल फोन, यात्रियों को लौटाई खुशियां
करीब 80 लाख रुपये आंकी गई कीमत, 90 यात्रियों को थाने बुलाकर सौंपे गए मोबाइल
वाराणसी (जनवार्ता)। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के गुम हुए 400 मोबाइल फोन बरामद कर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने उनके स्वामियों को सौंपे। शुक्रवार को मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। रेलवे में मोबाइल गुम होने और चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह ने प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद जीआरपी कैंट थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी मदद से गुम मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म और सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के साथ चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयास किए गए। अभियान के दौरान कुल 400 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मोबाइल बरामद होने की सूचना मिलने पर संबंधित आवेदकों को थाने बुलाया गया। शुक्रवार को 90 लोग उपस्थित हुए, जिन्हें उनके मोबाइल सौंप दिए गए। शेष मोबाइल फोन भी उनके स्वामियों को लौटाए जा रहे हैं। मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों ने जीआरपी टीम के प्रति आभार जताया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा, हेड कांस्टेबल सौभाग्य पांडेय, सत्येंद्र बहादुर शाह, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार यादव, सोनू सिंह, मिथिलेश और हेड कांस्टेबल विजय शंकर राय सहित जीआरपी एवं सर्विलांस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


