परिसीमन पर दक्षिणी राज्यों की बैठक आज

परिसीमन पर दक्षिणी राज्यों की बैठक आज

लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव पर चर्चा

नई दिल्ली। लोकसभा सीटों के परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार के लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाने के प्रस्ताव के बीच रविवार को केरल, कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठक करेंगे। इसमें दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और प्रस्तावित बदलावों के प्रभाव पर चर्चा होगी।

rajeshswari


बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के शामिल होने की बात कही गई है। तीनों राज्य चाहते हैं कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद संसद में उनकी मौजूदा राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित न हो।


केंद्र सरकार ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक और परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या 650 तक करने की योजना है। साथ ही संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार किया जाएगा।


प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक दलों में मतभेद भी सामने आए हैं। तमिलनाडु की डीएमके और तेलंगाना की बीआरएस ने नए प्रस्ताव का समर्थन किया है। डीएमके नेता ए. राजा के अनुसार, तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 51 हो सकती हैं। वहीं, बीआरएस का कहना है कि दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। शिंदे गुट की शिवसेना ने भी विधेयकों के समर्थन का फैसला किया है, जबकि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने समान आधार पर सीटें बढ़ाने की शर्त रखी है।


दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने विधेयकों का विरोध किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई विपक्षी बैठक में मांग की गई कि महिला आरक्षण मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही लागू किया जाए और राज्यों की वर्तमान हिस्सेदारी अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रखी जाए। विपक्ष ने परिसीमन से राज्यों और एससी-एसटी समुदायों के प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक चलेगा। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत के साथ कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं की मंजूरी भी जरूरी होगी। ऐसे में सरकार के सामने समर्थन जुटाने की चुनौती है, जबकि दक्षिणी राज्य अपने राजनीतिक हितों की सुरक्षा के लिए साझा रणनीति बनाने में जुटे हैं।

इसे भी पढ़े   जनवार्ता की खबर का असर : आवारा गोवंश पर प्रशासन सक्रिय, काऊ कैप्चर से गौशालाओं में भेजे गए पशु
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *