तमिलनाडु : पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट
16 मजदूरों की मौत, 6 घायल
विरुधुनगर (जनवार्ता)। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टानारपट्टी गांव में रविवार दोपहर एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों को तुरंत विरुधुनगर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।


घटना दोपहर के समय हुई, जब मजदूर ‘फैंसी’ पटाखों की लड़ियां जोड़ने का काम कर रहे थे। फैक्ट्री गोविंदनल्लूर निवासी मुथु माणिक्कम की बताई जा रही है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
फायर और रेस्क्यू विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे हटाने और बचे हुए लोगों की तलाश का काम जारी है। पुलिस और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विरुधुनगर जिला पटाखा उद्योग के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर बार-बार सवाल उठते रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में ‘फैंसी’ पटाखों को जोड़ते समय किसी चिंगारी या गलती से यह हादसा हुआ माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर पटाखा उद्योग में सुरक्षा उपायों और मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवारों में मातम छाया हुआ है। स्थानीय लोग और राजनेता घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सांत्वना दे रहे हैं।

