ट्रक-पिकअप की टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ की मौत
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये सहायता की घोषणा
भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पिंपलगांव सड़क के पास ट्रक और पिकअप वैन की आमने-सामने टक्कर में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए साकोली उप-जिला अस्पताल भेजा। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि मृतकों के प्रत्येक निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

