भदोही में त्योहार रजिस्टर की जांच, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर
भदोही (जनवार्ता)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पुलिस कार्यालय सरपतहां में जनपद के सभी थानों में रखे गए त्योहार रजिस्टरों की जांच की।


सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने त्योहार रजिस्टर प्रस्तुत किए गए। रजिस्टर में भीड़भाड़ वाले स्थानों, मेलों, धार्मिक स्थलों तथा वहां की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विवरण दर्ज किया जाता है, जिससे त्योहारों के दौरान संभावित घटनाओं की रोकथाम और किसी भी स्थिति में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जांच के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टरों में दर्ज सूचनाओं एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ज्ञानपुर थाने में समीक्षा गोष्ठी
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता तथा क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा की मौजूदगी में थाना ज्ञानपुर में समीक्षा गोष्ठी भी आयोजित की गई। बैठक में लंबित विवेचनाओं, धारा 137(2) बीएनएस के तहत लंबित मामलों, छिनैती, टप्पेबाजी एवं नकबजनी की घटनाओं के अनावरण तथा आईजीआरएस और लोक शिकायतों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों को लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

