बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे मनोज तिवारी
वाराणसी (जनवार्ता)। भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि काशी उनके लिए शक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है तथा बाबा विश्वनाथ के दर्शन से उन्हें नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

मनोज तिवारी ने बाबा विश्वनाथ से अपने परिवार और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी से उनका विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव है, इसलिए उन्हें यहां बार-बार आना अच्छा लगता है।
उन्होंने बताया कि इस बार वह अपने पुराने साथियों के निमंत्रण पर वाराणसी आए हैं और शाम को एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। साथ ही मां गंगा के दर्शन-पूजन का भी उनका कार्यक्रम है। सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपना सौभाग्य बताया।

