ओखला : ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक की मौत, दो गंभीर घायल

ओखला : ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक की मौत, दो गंभीर घायल

नई दिल्ली (जनवार्ता)। राजधानी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। ओखला फेज-1 स्थित सामुदायिक भवन के पास ट्रक से ऑक्सीजन सिलेंडरों की अनलोडिंग के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

rajeshswari

बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे गोदाम के पास ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदा ट्रक खड़ा था। सिलेंडरों को उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि अनलोडिंग में लगा एक व्यक्ति उछलकर काफी दूर जा गिरा। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धूल-धुएं का गुबार छा गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। तीन घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आसपास की कई फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। अचानक हुए धमाके से औद्योगिक क्षेत्र में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोट सिलेंडर में अत्यधिक दबाव, तकनीकी खराबी अथवा अनलोडिंग के दौरान हुई किसी लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडरों के परिवहन और अनलोडिंग के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़े   देवघर : सड़क हादसे में 18 कांवरियों की मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *