इंटरकास्ट विवाह की रंजिश में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़ (जनवार्ता)। जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के खटवारा गांव में इंटरकास्ट विवाह की रंजिश में 29 वर्षीय राजू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात बाइक से घर लौटते समय घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी अरुण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, राजू ने अगस्त 2025 में गांव की ही खुशबू वर्मा से प्रेम विवाह किया था। अलग-अलग जातियों से होने के कारण युवती के परिजन इस विवाह का विरोध कर रहे थे। मृतक के भाई रवि सिंह की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें खुशबू के भाई पिंटू वर्मा और जितेंद्र वर्मा भी नामजद हैं।
गिरफ्तार आरोपी अरुण वर्मा ने पूछताछ में हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके बताए अनुसार घटनास्थल से पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से 14 जिंदा कारतूस और अन्य साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं।
मृतक की गर्भवती पत्नी खुशबू ने आरोप लगाया कि विवाह से नाराज उनके भाइयों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

