सहारनपुर में रेड अलर्ट, DM ने लोगों को घरों में रहने की सलाह
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों में तेज आंधी, भारी बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरी काम घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि जिले में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को बड़े पेड़ों, होर्डिंग्स और कमजोर दीवारों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने जलभराव वाले इलाकों और बिजली के गिरे तारों से दूरी बनाए रखने को कहा है। साथ ही मेघगर्जन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग बंद करने की भी अपील की गई है।
बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों से तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है।

