देवबंद : आईएसआई से जुडा संदिग्ध गिरफ्तार
एमपी-यूपी एटीएस का संयुक्त ऑपरेशन
सहारनपुर (जनवार्ता)। मध्य प्रदेश एटीएस और उत्तर प्रदेश एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े संदिग्ध आतंकी नईम अब्दुल्ला को सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार नईम अब्दुल्ला लंबे समय से भोपाल निवासी मोहम्मद फराज उर्फ खालिद सैफुल्लाह के संपर्क में था। एटीएस सूत्रों के अनुसार फराज ने पूछताछ में खुलासा किया है कि नईम ने ही उसे पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जांच एजेंसियों के मुताबिक पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं का कट्टरपंथीकरण कर उन्हें नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि इस मॉड्यूल के जरिए युवाओं की भर्ती, वैचारिक रूप से प्रभावित करने तथा आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा था।
एटीएस ने नईम के कब्जे से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक साहित्य और डिजिटल सामग्री भी बरामद की है। एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ से इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।

