फोरलेन पर बस और ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत, चालक समेत दो घायल
कुशीनगर (जनवार्ता)। जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन स्थित पटहेरिया चौराहे पर बुधवार तड़के बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बस में सवार अन्य यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार बिहार के अररिया से दिल्ली जा रही डबल डेकर लग्जरी बस बुधवार सुबह करीब चार बजे पटहेरिया चौराहे के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा डिवाइडर पर चढ़कर अटक गया।
हादसे में बस चालक बाल किशुन शाह (40) पुत्र निरंजन शाह निवासी बैजनाथ, थाना जोगबनी, जिला अररिया (बिहार) तथा बस में सवार बेगम (36) पत्नी मंजर निवासी कटरवानी, अररिया घायल हो गईं। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से बाहर निकाला गया।
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।
पटहेरवा एसओ धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि हादसे में घायल दो लोगों का इलाज कराया जा रहा है। बस में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही फोरलेन पर यातायात सामान्य कराने का कार्य भी जारी है।


