नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो विस्तार की तैयारी, तीन नए रूट प्रस्तावित

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो विस्तार की तैयारी, तीन नए रूट प्रस्तावित

नोएडा, ( जनवार्ता)। दिल्ली-एनसीआर में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के बीच नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में मेट्रो नेटवर्क को मजबूत करने के लिए तीन नए रूट प्रस्तावित किए गए हैं, जिनसे लाखों लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

rajeshswari


प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित परियोजनाओं में बॉटनिकल गार्डन लिंक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट कनेक्टिविटी और बोडाकी मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब शामिल हैं। इन रूटों के अगले पांच वर्षों में संचालित होने की संभावना जताई जा रही है।


सबसे महत्वपूर्ण परियोजना एक्वा लाइन के विस्तार से जुड़ी है, जिसके तहत सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक लगभग 11.5 किलोमीटर लंबा नया कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस रूट पर आठ नए स्टेशन प्रस्तावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए विस्तृत सर्वे कार्य जारी है, जो अगले तीन महीनों में पूरा हो सकता है। इसके बाद निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


दूसरी ओर, सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए संशोधित डीपीआर तैयार की जा रही है। यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और यहां लंबे समय से मेट्रो सेवा की मांग की जा रही है। प्रस्ताव को जल्द ही केंद्र सरकार के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।


तीसरा प्रमुख प्रोजेक्ट बोडाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से संबंधित है, जहां मेट्रो, रेलवे और बस सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा। इससे यात्रियों को सुगम आवागमन के साथ-साथ औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना का निर्माण कार्य अगले सात महीनों में शुरू होने की संभावना है।

इसे भी पढ़े   जौनपुर: बदलापुर में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या


मेट्रो विस्तार से न केवल दैनिक यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार, रियल एस्टेट और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *