ग्रेटर नोएडा : छह वर्षीय बच्ची की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव बरामद कराने ले जाते समय आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


पुलिस के मुताबिक, बच्ची शुक्रवार को घर से लापता हुई थी। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची एक युवक के साथ जाती दिखाई दी। दूसरे फुटेज में वही युवक बोरी लेकर जाता नजर आया।

परिजनों ने युवक की पहचान बलराज के रूप में की, जो बच्ची के चाचा के मकान में किराये पर रहता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बोरी के अंदर बच्ची का शव बरामद किया गया।
परिजनों ने आरोपी पर बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दुष्कर्म समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच बच्ची का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
घटना की जानकारी के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए थे। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, बच्ची की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों को तलाश में लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए बच्ची का शव बरामद किया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

