आजमगढ़ में पशु चोर गिरोह पकड़ा, चार गिरफ्तार
आजमगढ़ (जनवार्ता)। आजमगढ़ पुलिस ने अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि दो अन्य फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंसें, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, कारतूस और ₹7 हजार नकद बरामद किए गए हैं।

27/28 जुलाई की रात दीदारगंज थाना पुलिस ने शारदा नहर स्थित सुघरपुर पुलिया के पास घेराबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट की पिकअप को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राशिद घायल हो गया और अशफाक उर्फ मोनू गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उमर अली उर्फ नन्हकू फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पिकअप, तमंचा, कारतूस और चोरी की एक भैंस बरामद की।
उधर, बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम कोदहरा के पास हुई दूसरी मुठभेड़ में फिरोज घायल हो गया और जुबैर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि रिंकू यादव फरार हो गया। पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस, ₹7 हजार नकद, एक मोटरसाइकिल तथा जुबैर की निशानदेही पर चोरी की दो भैंसें बरामद कीं।
पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न जनपदों में रेकी कर रात के समय भैंस चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरोह ने बरदह, दीदारगंज, महाराजगंज और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों समेत पांच पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

