भुआवलपुर में लगा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर
250 से अधिक मरीजों को मिला लाभ
चंदौली (जनवार्ता)। ग्राम सभा जेवरिया बाद भुआवलपुर में ओम मृत्युंजय नेत्रालय पाली क्लीनिक सैयदराजा एवं जीवक हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक चला, जिसमें लगभग 250 मरीजों की आंखों की जांच की गई तथा दवाएं निशुल्क वितरित की गईं।


शिविर में आधार कार्ड, लाल कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद सहित अन्य आंखों के ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी आंखों का चेकअप कराया। इसके अलावा ब्लड प्रेशर की जांच भी की गई।
जीवक हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के डॉ. सुनील कुमार सिंह ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा, “ओम मृत्युंजय नेत्रालय एवं हमारे केंद्र की ओर से मिल रही सुविधाएं उत्कृष्ट हैं, जो आसपास के गांवों के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।”
शिविर में डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष सिंह तथा जीएनएम स्टाफ व मेडिकल टीम की उपस्थिति रही। कैंप को सफल बनाने में स्थानीय भावी प्रधान मुन्ना टेंट हाउस वाले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जो लोग किसी कारणवश इस शिविर में शामिल नहीं हो सके, वे अगले मंगलवार को भी आकर निशुल्क नेत्र जांच एवं अन्य बीमारियों का चेकअप करा सकते हैं तथा दवाएं प्राप्त कर सकते हैं।

