ट्रेलर की चपेट में आने से बीटीसी छात्रा की मौत, गांव में शोक
गाजीपुर (जनवार्ता)। शहर कोतवाली क्षेत्र में राजकीय पॉलीटेक्निक के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल बीटीसी छात्रा की उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, वहीं गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बिरनो थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव निवासी महिमा अपने पिता बिपिन कुमार के साथ बाइक से बीटीसी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा देने दिलदारनगर जा रही थी। इसी दौरान राजकीय पॉलीटेक्निक के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर में छात्रा का दुपट्टा फंस गया। दुपट्टा पहिये में उलझने से वह सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि महिमा पढ़ाई में बेहद मेधावी और होनहार थी। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और परीक्षा देने जा रही थी। बेटी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने हादसे के बाद ट्रेलर को चालक समेत कब्जे में ले लिया। छात्रा के पिता की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

