स्मार्ट कॉरिडोर से जुड़ेंगे एयरपोर्ट टर्मिनल
यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधा, ट्रेवलेटर से सफर होगा आसान
वाराणसी (जनवार्ता)। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर चल रहे विस्तारीकरण कार्य के तहत नया और पुराना टर्मिनल स्मार्ट ग्लास कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इसके बनने के बाद यात्रियों को एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक जाने के लिए बाहर नहीं निकलना पड़ेगा।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, नए टर्मिनल का निर्माण तेजी से जारी है। योजना के तहत पुराने टर्मिनल से अंतरराष्ट्रीय और नए टर्मिनल से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
दोनों टर्मिनलों के बीच बनने वाला कॉरिडोर पूरी तरह वातानुकूलित और पारदर्शी कांच से तैयार होगा। इसमें ट्रेवलेटर लगाने की भी योजना है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट के नए स्वरूप में काशी की सांस्कृतिक झलक भी दिखाई देगी। अनुमान है कि यात्री करीब पांच मिनट में एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे।


