नारायनपुर ककरही में धूमधाम से मना परशुराम मंदिर का स्थापना दिवस
तीन दिनों तक गूंजे भजन-कीर्तन
गाजीपुर। सैदपुर क्षेत्र के नारायनपुर ककरही स्थित भगवान परशुराम मंदिर में मूर्ति स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। बुधवार से शुरू हुए इस आयोजन में रुद्राभिषेक, अखंड रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम की आराधना की। तीन दिनों तक मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

धार्मिक अनुष्ठान के प्रथम दिन बुधवार को भगवान परशुराम का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। दूसरे दिन गुरुवार को अखंड रामायण पाठ के साथ भजन-कीर्तन का कार्यक्रम हुआ। इसमें विभिन्न जनपदों से पहुंचे कलाकारों ने भक्ति प्रस्तुतियां दीं, जिसका श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी गंगा पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक डॉ. इंद्रजीत पांडेय, राजेश पांडेय और राजकुमार पांडेय रहे। वाराणसी के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. पीके तिवारी ने भी तीनों दिन कार्यक्रम में विशेष रूप से सहभागिता की। भगवान परशुराम के प्रति उनकी आस्था और समर्पण आयोजन में विशेष रूप से चर्चा का विषय रहा।
आयोजन की व्यवस्था में ग्रामसभा नारायनपुर के पवन पांडेय, राकेश पांडेय, दिनेश पांडेय, छोटू कुमार सहित ग्रामीणों, परिवार की बहन-बेटियों और युवाओं ने सक्रिय सहयोग किया। मंदिर परिसर में स्थापित भगवान परशुराम, हनुमान जी और मां दुर्गा सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
आयोजकों के अनुसार ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से यह धार्मिक आयोजन प्रत्येक वर्ष और भव्य स्वरूप ले रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

