कटारिया कांड: सपा ने पीड़ित परिवार को सौंपा 5 लाख का चेक, उठाई न्याय की मांग
गाजीपुर (जनवार्ता)। गाजीपुर के करंडा क्षेत्र स्थित कटारिया गांव में हुए चर्चित प्रकरण के पीड़ित परिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सपा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गांव पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की और उन्हें 5 लाख रुपये का चेक सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, विधायक डॉ. वीरेंद्र साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान सपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा राजभर और रीता विश्वकर्मा भी मौजूद रहीं।
पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने बताया कि मुकदमा समाप्त कराने के संबंध में प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को भेजी जाएगी, ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके। पीड़ित परिवार ने सपा नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

