पेपरलीक माफियाओं की संपत्ति होगी जब्त : CM योगी
लखनऊ (जनवार्ता)। योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि पेपरलीक और भर्ती घोटालों में शामिल लोगों की संपत्तियां जब्त की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम कर रही है।
लखनऊ के होटल ताज में आयोजित ‘9 ईयर्स ऑफ ट्रांसफॉर्मिंग यूपी’ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पेपरलीक जैसे अपराधों के लिए आजीवन कारावास तक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरी युवाओं के लिए सपना बन गई थी, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में माफिया और भ्रष्टाचार का बोलबाला था, जबकि अब उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीते नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है और प्रदेश निवेश, पर्यटन तथा रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।


