10 माह से ईपीएफ बकाया, तीन माह का वेतन रुका; आउटसोर्स कर्मचारियों ने ठेकेदार पर लगाया अनियमितता का आरोप
सोनभद्र (जनवार्ता)! समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने ठेकेदार पर 10 माह से ईपीएफ जमा न करने और वेतन भुगतान में अनियमितता का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि ईपीएफ बकाया होने के कारण अप्रैल, मई और जून का वेतन भी रोक दिया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों के अनुसार आउटसोर्सिंग ठेकेदार नागेंद्र शुक्ला से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन या तो फोन नहीं उठाया गया या फिर जल्द ईपीएफ जमा कराने का आश्वासन दिया जाता रहा। आरोप है कि पिछले 10 माह से ईपीएफ राशि कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं हुई। इस कारण वे अपने बच्चों की स्कूल फीस और अन्य आवश्यक खर्च पूरे करने में असमर्थ हैं।
कर्मचारियों ने समाज कल्याण अधिकारी से शिकायत की, जिस पर लिखित शिकायत देने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत भी सौंप दी, लेकिन अब तक न तो ईपीएफ जमा हुआ और न ही रुका हुआ वेतन मिला।
कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में भी अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि निर्धारित कटौतियों के बाद मिलने वाली राशि से भी कम भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि इसी प्रकार सभी कर्मचारियों के भुगतान का आकलन किया जाए तो लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आ सकती है।
उधर, समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि ईपीएफ जमा होने के बाद ही वेतन जारी किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों के हित सुरक्षित रह सकें। फिलहाल मामले को लेकर कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच कराकर बकाया ईपीएफ और रुका हुआ वेतन जल्द दिलाने की मांग की है।


