लखनऊ में होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, साथ ठहरा युवक फरार
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ऊंची इमारतों से गिरकर मौत की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के बाद अब सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल मैनर की दसवीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय युवती समरीन की मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ होटल में ठहरा युवक अवनीश कुमार फरार हो गया। मृतका की मां ने युवक पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समरीन चौक क्षेत्र के हाता सूरत सिंह की निवासी थी। वह सुल्तानपुर निवासी अवनीश कुमार के साथ होटल के कमरा नंबर 1037 में ठहरी थी। होटल के अभिलेखों के मुताबिक, दोनों सुबह करीब 11:46 बजे दसवीं मंजिल पर स्थित कमरे में गए थे। बाद में समरीन होटल की ऊंचाई से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
### घटना के बाद बाइक से भागा युवक
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया कि समरीन के गिरने के बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे आया और बेसमेंट से एक अन्य युवक के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने होटल में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
### गले पर मिले लाल निशान, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की और साक्ष्य जुटाए। सूत्रों के मुताबिक, समरीन के गले पर लाल निशान और शरीर पर चोटें भी मिली हैं। पुलिस युवती के मोबाइल फोन, होटल के कर्मचारियों से पूछताछ और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
### हत्या या हादसा, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
समरीन की मां द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस फरार अवनीश कुमार की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

