सोनभद्र में लूट कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र में कलेक्शन एजेंट से हुई 63,000 हजार की लूट का पुलिस ने खुलासा कर पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हुए। आरोपियों के पास से नकद, बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल, टैबलेट, अवैध तमंचे और मोटरसाइकिल बरामद कि गयी है। वही मुख्य साजिशकर्ता पूर्व कर्मचारी निकला, जिसने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


मिली जानकारी के मुताबिक अनपरा थाना क्षेत्र में बीते 27 मार्च 2026 को कलेक्शन एजेंट से 63,000 हजार नकद सहित अन्य सामान की लूट की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें अनपरा व शक्तिनगर पुलिस के साथ एसओजी को भी शामिल किया गया।

बुधवार की रात करीब 10 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुबरी पहाड़ी के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में संजय यादव और पंकज श्रीवास्तव घायल हो गए, जबकि धीरज यादव और हरिओम जायसवाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पूछताछ के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता चन्द्रेश यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस, 28 हजार 500 रूपये नकद, बायोमेट्रिक मशीन, टैबलेट, मोबाइल फोन, कलेक्शन डायरी और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चन्द्रेश यादव पहले संबंधित कंपनी में कार्यरत था और उसे कलेक्शन की जानकारी थी। उसी आधार पर उसने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

