मेरठ में महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, सिर-चेहरे पर किए कई वार

मेरठ में महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, सिर-चेहरे पर किए कई वार

उंगली काटकर 200 मीटर दूर फेंकी, दो साल पहले की थी प्रेम विवाह

मेरठ (जनवार्ता)। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खूंटी गांव में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव गांव के पास एक खेत में पड़ा मिला। हत्यारों ने कुल्हाड़ी से महिला के सिर, चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महिला के हाथ की एक उंगली काटकर शव से करीब 200 मीटर दूर फेंक दी गई। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है।

rajeshswari


मृतका की पहचान कंकरखेड़ा क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी गुलफ्शां के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।


जानकारी के अनुसार, गुलफ्शां का करीब दस वर्ष पहले गाजियाबाद के डासना निवासी युवक से निकाह हुआ था। दो बच्चों के जन्म के बाद उसके पहले पति की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थी। इसी दौरान जटौली निवासी भोला पंडित के माध्यम से उसकी मुलाकात मनवीर से हुई। बताया गया कि मनवीर की पहले भी तीन शादियां हो चुकी थीं। एक पत्नी की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी, जबकि दो पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। परिवार की सहमति के बाद करीब दो वर्ष पहले गुलफ्शां और मनवीर ने प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद गुलफ्शां अपने दोनों बच्चों के साथ मनवीर के घर रहने लगी। करीब छह माह पहले उसने एक बेटे को जन्म दिया था।

इसे भी पढ़े   वाराणसी में मिशन शक्ति 5.0 के तहत 501 कन्याओं का पूजन, महिलाओं का सम्मान


मनवीर गैंसूपुर स्थित एक डेयरी पर काम करता है। उसके अनुसार, शुक्रवार को गुलफ्शां बच्चों की किताब लेने के लिए परीक्षितगढ़ गई थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह गांव निवासी रमेश जब खेत में नलकूप चलाने पहुंचे तो उन्होंने खेत में महिला का शव पड़ा देखा। सूचना पर यूपी-112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले मनवीर भी घटनास्थल पर पहुंच गया था।


पुलिस के मुताबिक, गुलफ्शां के शरीर पर कुल्हाड़ी से करीब 10 वार किए गए थे। शव के पास खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस पारिवारिक और सामाजिक सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया जा रहा है।


मृतका के पिता शाहिद ने पति मनवीर, उसके मौसेरे भाई सुमित और परतापुर निवासी बहनोई प्रवीण पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से गुलफ्शां को प्रताड़ित किया जाता था और उसकी जान को खतरा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *