आर्थिक मदद के साथ सामाजिक सुरक्षा दे रही योगी सरकार : अवधेश सिंह
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और सुविधाएं देने पर विधायक ने सरकार की सराहना की
वाराणसी (जनवार्ता) । पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार आर्थिक मदद के साथ सामाजिक सुरक्षा भी उपलब्ध करा रही है।

विधायक मंगलवार को पिंडरा तहसील सभागार में अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मान समारोह के सीधे प्रसारण के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करते हुए उनका मानदेय आठ हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया है। इसके अलावा दो साड़ियों के साथ एक अतिरिक्त साड़ी के लिए धनराशि, कैशलेस उपचार की सुविधा और स्मार्टफोन जैसी सुविधाएं देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बड़ागांव विकासखंड की चंद्रकला, सुषमा सिंह, गायत्री कुमारी तथा पिंडरा विकासखंड की गीता देवी, रेणुका शर्मा और मंजू देवी शामिल रहीं।
इस अवसर पर एसडीएम पिंडरा कुंदनराज कपूर, तहसीलदार नेहा राजवंशी, सीडीपीओ राकेश बहादुर, सुपरवाइजर शीला यादव, अनीता सिंह, ब्लॉक कोआर्डिनेटर विनोद गुप्ता सहित भाजपा जिला मंत्री अजय पटेल, मुरारी सिंह, अनुज सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

