दिल्ली : गैंगस्टर सलीम पहलवान का हत्यारोपी ‘गंजा’ मुठभेड़ में गिरफ्तार
नई दिल्ली (जनवार्ता) । दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके में शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कुख्यात गैंगस्टर मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ के साथ मुठभेड़ की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर एसटीएफ की टीम बदरपुर क्षेत्र में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गंजा घायल हो गया। तुरंत उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा दिल्ली के नासिर और दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह लंबे समय से राजधानी में संगठित अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक वह कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा सलीम गिरोह के एक अन्य सदस्य की हत्या में भी उसका नाम शामिल है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और सेंधमारी सहित 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से ज्यादा मामलों में फरार भी चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गंजा एक बेहद शातिर और खतरनाक अपराधी है, जो इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। एसटीएफ की इस कार्रवाई से दिल्ली में संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता बताया है। एसटीएफ टीम ने सटीक खुफिया इनपुट पर त्वरित कार्रवाई की, जिससे एक वांछित अपराधी को काबू में किया जा सका। घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की छानबीन जारी है। मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

