बंगाल चुनाव के बीच हिंसा, जामुड़िया में टीएमसी कार्यालय फूंका
जामुड़िया (जनवार्ता) । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बीच पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में हिंसा की घटना सामने आई है। चुरुलिया इलाके में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय में आग लगा दी गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मतगणना के रुझानों के दौरान अचानक कार्यालय से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में पूरा कार्यालय जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।
टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा समर्थकों ने डर का माहौल बनाने के लिए घटना को अंजाम दिया। हालांकि भाजपा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


