यूपी में अलसुबह एनकाउंटर, पांच हत्याओं के आरोपी आमिर ढेर
अंबेडकरनगर, (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में चार मासूम बच्चों और उनकी मां की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आमिर को सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के नेवतरिया बाईपास के पास सुबह करीब पांच बजे हुई इस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि मारा गया आरोपी आमिर पुत्र जान मोहम्मद, मीरानपुर मोहल्ले का रहने वाला था और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह पूर्व में दुष्कर्म के मामले में भी जेल जा चुका था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
दरअसल, दो मई को मीरानपुर मोहल्ले में चार सगे भाई-बहनों के शव घर के अंदर एक ही बेड पर पड़े मिले थे। बच्चों की मां उस समय लापता थी। बाद में महिला का शव घर से करीब सौ मीटर दूर एक नाले से बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था।
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आमिर का नाम सामने आया। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था और उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की मंशा रखता था।
पुलिस के मुताबिक घटना की रात घर में खाना बना था और बच्चे शाम तक बाहर खेलते देखे गए थे। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई जा रही है। महिला का शव मिलने के बाद पूरा मामला और उलझ गया था, लेकिन पुलिस का दावा है कि अब जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच अभी जारी है।

