घर में सेंध लगाकर 12 लाख के गहने और कैमरा चोरी
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोएपुर स्थित ओम नगर कॉलोनी में चोरों ने एक किराए के मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और कैमरा चोरी कर लिया। घटना के समय मकान में रहने वाला युवक दोस्तों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने गया था। घर लौटने पर ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी श्लोक तिवारी वाराणसी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और द्रौपदी सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब आठ बजे वह दोस्तों के साथ दर्शन के लिए निकले थे। करीब रात एक बजे वापस लौटे तो घर के दरवाजों के ताले टूटे मिले। अंदर अलमारी खुली थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
श्लोक के मुताबिक चोर सैमसंग का कैमरा, उनकी मां का सोने का हार, दो सोने की चेन, चार अंगूठियां, मांगटीका, दो नथुनी, दो बालियां, दो झुमके और चांदी की पाजेब समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान ले गए।
घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। सूचना पर लालपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को पड़ोसी मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
वहीं, कॉलोनी के लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।

