भाजपा महानगर के नवगठित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह संपन्न
वाराणसी । भारतीय जनता पार्टी महानगर वाराणसी के गुलाब बाग स्थित कार्यालय में मंगलवार को नवगठित कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों का परिचय और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंटकर अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल रहे। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि का भी स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया।
जगदीश ईश्वरभाई पटेल ने कहा कि वर्षों से कार्यकर्ताओं के समर्पण और संघर्ष से संगठन की मजबूत नींव तैयार हुई है। पद मिलना रौब दिखाने के लिए नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विनम्रता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के लक्ष्यों और 2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए सेवाभाव से संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को स्व-अनुशासन और स्व-आकलन का मंत्र दिया। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी से अपनी ‘चरित्र पत्रिका’ तैयार कर प्रतिवर्ष संगठन के विस्तार, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान, व्यवहार तथा सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान का आकलन करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर चलने वाला सामाजिक आंदोलन है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठावान रहने और संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अशोक जाटव ने किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम कपूर, विद्यासागर राय, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, प्रमील पाण्डेय, विनोद गुप्ता, कुसुम सिंह पटेल, गीता शास्त्री, निर्मला सिंह पटेल, पूजा दीक्षित, जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह, अजय गुप्ता, अमित खरे, नवीन कपूर, प्रमोद यादव मुन्ना, राकेश जायसवाल, साधना वेदांती, योगेश वर्मा, प्रीति सिंह, महिमा चिंतक, सुमित मिश्रा, अमित चौरसिया, अनिल उपाध्याय ‘अप्पू’, साधना पाण्डेय, कुशाग्र श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव और मीरा गुप्ता समेत सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

