पुलिस मुठभेड़ में श्रेया हत्याकांड का आरोपी घायल
पैर में लगी गोली, 315 बोर का असलहा व कारतूस बरामद
वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र में एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस को सोमवार तड़के बड़ी सफलता मिली। हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे आरोपी पुनीत मिश्रा निवासी मऊ को राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का असलहा, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान स्पलेंडर बाइक पर सवार एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
श्रेया हत्याकांड की जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल आरोपियों को कथित तौर पर लाखों रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस अब इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि पुनीत मिश्रा ने किन लोगों को वारदात में शामिल करने का प्रयास किया था और उन्हें कितनी रकम देने का आश्वासन दिया गया था।
गौरतलब है कि 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई थी। बाद में बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित एक किराये के कमरे के बाथरूम से उसका शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर धारदार हथियार से वार और अधिक रक्तस्राव के कारण मौत की पुष्टि हुई थी। दुष्कर्म की आशंका की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पुलिस अब मुठभेड़ में घायल आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, वारदात की पूरी साजिश और फरार आरोपी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

