बच्चों के खेल मैदान पर कब्जे की कोशिश से भड़के ग्रामीण

बच्चों के खेल मैदान पर कब्जे की कोशिश से भड़के ग्रामीण

बेनीपुर कला प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री तोड़ने का आरोप

वाराणसी (जनवार्ता) । चोलापुर विकासखंड के बेनीपुर कला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। विद्यालय की बाउंड्रीवॉल तोड़े जाने और निजी रास्ता बनाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने 48 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

rajeshswari

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने निजी रास्ता बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त कर दी है। विद्यालय की जिस जमीन पर बच्चों के खेलने और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपयोग किया जाता है, उस पर भी कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध जताया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

इसके बाद ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल का पुनर्निर्माण कराने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि विद्यालय की जमीन बच्चों के भविष्य और अधिकारों से जुड़ी है। ऐसे में सरकारी विद्यालय की संपत्ति पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़े   डोसा बैटर खाने से दो मासूम बहनों की मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *