आंगनबाड़ी बच्चों का भी होगा निपुण एसेसमेंट

आंगनबाड़ी बच्चों का भी होगा निपुण एसेसमेंट

प्राथमिक स्कूल की तर्ज पर आंगनबाड़ी में भी होगी स्कूल रेडीनेस की तैयारी

वाराणसी (जनवार्ता) । जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्री-प्राइमरी बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया है कि प्राथमिक विद्यालयों की भांति इन बच्चों का भी निपुण एसेसमेंट कराया जाएगा।

rajeshswari

जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों की गुणवत्तापूर्ण स्कूल पूर्व शिक्षा का भी आधार बनना चाहिए। चूंकि यही बच्चे कक्षा एक में प्रवेश लेते हैं, इसलिए उन्हें स्कूल रेडीनेस प्रोग्राम के अनुसार तैयार किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शैक्षिक गतिविधियों का दैनिक कैलेंडर जारी किया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए निर्धारित निपुण लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जाएगा।

निपुण लक्ष्य में आकृति एवं आकार (शेप एंड साइज) का ज्ञान, रंगों की पहचान, हिंदी एवं अंग्रेजी वर्णमाला, 1 से 20 तक की गिनती तथा बिना मात्रा वाले कम से कम पांच दो अक्षरों वाले शब्द पढ़ना शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिया कि मई माह तक बच्चों का मूल्यांकन पूरा कर लिया जाए। जो बच्चे मानकों को पूरा कर रहे हैं, उनका प्राथमिक विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित किया जाए। पिछड़ रहे बच्चों पर विशेष ध्यान देकर मात्र दो महीने में उन्हें निपुण बनाया जाए।

प्रत्येक बच्चे को एसेसमेंट कार्ड भी प्रदान किया जाएगा, ताकि अभिभावक अपनी संतान की प्रगति से अवगत रहें और आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा दी जा रही स्कूल पूर्व शिक्षा पर उनका विश्वास बढ़े।

इसे भी पढ़े   ख्रिस्त राजा पर्व पर निकाला गया भव्य कैंडल जुलस

जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.के. सिंह ने बताया कि जनपद में 3914 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 5 से 6 वर्ष की आयु के 26,664 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनका निपुण एसेसमेंट कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने गंभीर कुपोषित बच्चों के साप्ताहिक फॉलो-अप और उनके आहार पर सख्त निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.के. सिंह, समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दुबे, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सभी ब्लॉकों के बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *