प्रेक्षक के खिलाफ प्रदर्शन से भाजपा ने झाड़ा पल्ला, मतगणना पर जताया संतोष
चौथे चक्र की गिनती के दौरान केदारनाथ सिंह और समर्थकों ने लगाया था धांधली का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। विधान परिषद की वाराणसी खंड स्नातक सीट की मतगणना के दौरान चुनाव आयोग के प्रेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ हुए हंगामे से भाजपा ने असहमति जताई है। पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि विरोध प्रदर्शन पार्टी की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं था। भाजपा मतगणना की पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट है।

अशोक चौरसिया ने कहा कि मौके पर कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं है। पार्टी इस प्रदर्शन से सहमत नहीं है। उन्होंने कहा कि आयोग ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई। ऐसे में गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं थी।
गौरतलब है कि खंड स्नातक सीट की मतगणना के चौथे चक्र के दौरान भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और उनके समर्थकों ने मंडी समिति परिसर में हंगामा किया था। उन्होंने प्रेक्षक प्रांजल यादव पर मतगणना में धांधली कराने का आरोप लगाया था।

